UGC Regulations Controversy: हाल ही में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा जारी “Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026” ने पूरे देश में बहस और राजनीतिक-सामाजिक विवाद को जन्म दिया है. यह नियम 13 जनवरी 2026 को लागू किए गए और इसका उद्देश्य कैंपसों में जाति-आधारित भेदभाव रोकना और बराबरी को बढ़ावा देना बताया गया है.
UGC ने पिछले कुछ वर्षों में उच्च शिक्षण संस्थानों से मिली भेदभाव शिकायतों में तेज बढ़ोतरी का हवाला देते हुए नए नियमों को लाया है. इनमें प्रत्येक कॉलेज और विश्वविद्यालय में Equal Opportunity Centres, Equity Committees, Equity Helplines और Mobile Equity Squads बनाने का आदेश है, जो शिकायतों का त्वरित समाधान करेंगे.
लेकिन इस नियम ने तापमान इसलिए बढ़ाया है, क्योंकि जनरल (सामान्य) श्रेणी के छात्रों और कुछ सामाजिक संगठनों ने इसे एकतरफा, भेदभावपूर्ण और असंवैधानिक बताया है. विरोध कर रहे छात्रों का कहना है कि नए नियमों में झूठी या मनगढ़ंत शिकायतों के खिलाफ कोई स्पष्ट दंडात्मक प्रावधान नहीं है, जिससे बिना सबूत के आरोप लगाए जा सकेंगे और एक निश्चित समुदाय के खिलाफ पूर्वाग्रह पैदा हो सकता है.
हालांकि UGC का तर्क है कि नियम सामाजिक न्याय के संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप हैं और उच्च शिक्षा को सबके लिए समान और सुरक्षित बनाना लक्ष्य है. शिक्षा मंत्रालय ने कहा है कि समानता और अवसर की भावना राष्ट्रीय शिक्षा नीति का मूल भाग है और आलोचना को सकारात्मक संवाद का हिस्सा माना जाएगा.
घटनाक्रम तब और गरमा गया जब देशभर में छात्रों ने सोशल मीडिया पर #UGCRollback जैसे हैशटैग के साथ विरोध अभियान चलाया और सुप्रीम कोर्ट तक जनहित याचिकाएं दायर की गईं, जिनमें नियम 3(सी) को “मनमाना और असंवैधानिक” बताया गया है. याचिकाकर्ताओं का दावा है कि यह प्रावधान संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता का अधिकार), 19 (अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता) और 21 (व्यक्तिगत स्वतंत्रता) का उल्लंघन करता है.
वहीं कुछ शिक्षाविद और विशेषज्ञों का मांनना है कि अगर नियमों को सही तरीके से लागू किया जाए तो भेदभाव और उत्पीड़न से पीड़ित छात्रों को न्याय मिल सकता है. लेकिन दोनों पक्षों की बातों ने विवाद को गहरा कर दिया है और सुप्रीम कोर्ट में नियमों की संवैधानिक वैधता की सुनवाई होने वाली है.
इस प्रकार, UGC का नया फरमान एक तरफ समानता और समावेशन की दिशा में कदम है, तो दूसरी ओर विवाद, विरोध और कानूनी लड़ाई को भी जन्म दे रहा है, जो भारत की उच्च शिक्षा नीति में एक बड़ा मोड़ साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें- दारोगा भर्ती में 20 लाख की डील! बिहार में सेटिंग गैंग का भंडाफोड़, महिला सिपाही समेत आधा दर्जन अरेस्ट



