e-Aadhaar Download: यदि आपके पास आधार नंबर नहीं है और फिरभी आपको e-Aadhaar की आवश्यकता पड़ गई है, तो घबराने की बिलकुल जरूरत नहीं है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने ऐसी सुविधा दी है, जिसके तहत बिना पूरा आधार नंबर याद रखे भी आप आसानी से अपना e-Aadhaar डाउनलोड कर सकते हैं. खास बात यह है कि इसके लिए बस कुछ बुनियादी जानकारियां और आपके मोबाइल पर आने वाला OTP ही काफी होता है.
UIDAI की वेबसाइट पर मौजूद विकल्पों की मदद से अब लोग नामांकन संख्या (Enrolment ID/EID) या वर्चुअल आईडी (VID) के जरिए भी e-Aadhaar डाउनलोड कर सकते हैं. कई बार आधार कार्ड गुम हो जाता है या नंबर उपलब्ध नहीं रहता, ऐसे में यह सुविधा बेहद काम की साबित होती है.
Enrolment ID से भी संभव है e-Aadhaar डाउनलोड
अगर आपके पास नामांकन स्लिप है, तो उस पर लिखी 14 अंकों की Enrolment ID और तारीख/समय की मदद से आप e-Aadhaar डाउनलोड कर सकते हैं. इसके लिए UIDAI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर “Download Aadhaar” सेक्शन में EID का विकल्प चुनना होता है. इसके बाद रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, जिसे दर्ज करते ही e-Aadhaar PDF फॉर्मेट में डाउनलोड हो जाएगा.
EID भूल गए हैं? UIDAI वेबसाइट से ऐसे करें रिकवर
वहीं, अगर नामांकन स्लिप भी नहीं है, तब भी समाधान मौजूद है. UIDAI की वेबसाइट पर “Retrieve Lost or Forgotten EID/UID” का विकल्प दिया गया है. यहां आप अपना पूरा नाम, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी और कैप्चा भरकर पहले अपना EID या UID प्राप्त कर सकते हैं. OTP वेरिफिकेशन के बाद यह जानकारी आपके मोबाइल या ईमेल पर भेज दी जाती है, जिसके बाद आप e-Aadhaar डाउनलोड कर सकते हैं.
Virtual ID के जरिए सुरक्षित तरीके से पाएं e-Aadhaar
इसके अलावा VID (Virtual ID) के जरिए भी e-Aadhaar डाउनलोड करने की सुविधा है. VID एक 16 अंकों का नंबर होता है, जिसे आप UIDAI पोर्टल से जनरेट कर सकते हैं. VID के इस्तेमाल से भी आधार नंबर साझा किए बिना सुरक्षित तरीके से e-Aadhaar प्राप्त किया जा सकता है.
PDF खोलने के लिए पासवर्ड जरूरी, जान लें सही तरीका
ध्यान रहे कि e-Aadhaar डाउनलोड करने के बाद PDF खोलने के लिए पासवर्ड की जरूरत होती है, जो आमतौर पर आपके नाम के पहले चार अक्षर (कैपिटल में) और जन्म वर्ष से बनता है. कुल मिलाकर, UIDAI की यह डिजिटल सुविधा उन लोगों के लिए बड़ी राहत है, जिनके पास आधार नंबर तुरंत उपलब्ध नहीं होता, लेकिन दस्तावेज की जरूरत पड़ जाती है.
यह भी पढ़ें- बिहार में गर्ल्स हॉस्टल के नियम सख्त, छात्राओं की सुरक्षा पर जोर



