Banking Alert: जनवरी के अंतिम सप्ताह में लगातार चार दिनों तक बैंकिंग सेवाएं बाधित रहने वाली हैं, जिससे बैंक ग्राहकों की परेशानी बढ़ सकती है. ऐसे में, यदि किसी ग्राहक को बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी लेनदेन या अन्य कार्य करना है, तो उसे समय रहते निपटा लेना जरूरी होगा.
23 जनवरी, शुक्रवार को बैंकों में सामान्य कामकाज होगा, इसके बाद बैंक शाखाएं सीधे 28 जनवरी को खुलेंगी. दरअसल, 24 जनवरी को चौथा शनिवार होने के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा. 25 जनवरी को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी है. इसके बाद 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय अवकाश के कारण सभी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. वहीं, 27 जनवरी को बैंकों में प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा.
इस तरह 24 से 27 जनवरी तक लगातार चार दिनों तक बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. ऐसे में, ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे 23 जनवरी तक बैंकिंग से जुड़े सभी जरूरी कार्य अवश्य निपटा लें, अन्यथा उन्हें लंबे इंतजार का सामना करना पड़ सकता है.
पांच दिवसीय बैंकिंग सेवा को लेकर हड़ताल
बैंकों में सप्ताह में सिर्फ पांच दिन बैंकिंग सेवा लागू करने की मांग को लेकर 27 जनवरी 2026 को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की घोषणा की गई है. इस दिन सभी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी और कोई भी नियमित कामकाज नहीं होगा.
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की ओर से बताया गया कि इंडियन बैंक एसोसिएशन के साथ हड़ताल को लेकर हुई वार्ता विफल रही है. इसी कारण बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने 27 जनवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल का फैसला लिया है.
सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग सेवा लागू करने की मांग को लेकर पिछले दो वर्षों से सरकार टालमटोल की नीति अपना रही है. मजबूर होकर बैंक कर्मचारी और अधिकारी आंदोलन का रास्ता अपना रहे हैं. हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी, जिसका असर सीधे आम ग्राहकों पर पड़ेगा.
यह भी पढ़ें- Bihar Farmer ID: अब हर किसान को बनवाना होगा विशिष्ट पहचान पत्र, सरकार ने जारी किए दिशानिर्देश



