Bihar Election 2025: कुछ दिनों पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें तेज प्रताप यादव से पूछा गया था कि अगर तेजस्वी यादव महुआ में प्रचार करने आते हैं तो उनका क्या रुख रहेगा? इस पर तेज प्रताप ने मुस्कराते हुए कहा था- “मैं फिर राघोपुर में डोर-टू-डोर कैंपेन करने पहुंच जाऊंगा.” रविवार और सोमवार को वही स्थिति सच साबित हो गई. तेजस्वी यादव ने जहां रविवार को राजद प्रत्याशी मुकेश रोशन के समर्थन में महुआ में जनसभा की, वहीं अगले ही दिन तेज प्रताप यादव राघोपुर पहुंच गए और वहां चुनावी प्रचार में जुट गए.
बता दें कि महुआ से तेज प्रताप जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार हैं, जबकि राघोपुर से तेजस्वी यादव राजद के प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं. तेजस्वी यादव ने महुआ में सभा को संबोधित करते हुए कहा था- “पार्टी सबसे बड़ी होती है, इसलिए किसी भ्रम में मत रहिए.” वहीं, इसके जवाब में तेज प्रताप यादव ने सोमवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के चक सिकंदर में अपने उम्मीदवार प्रेम कुमार के समर्थन में सभा कर डाली. उन्होंने तीखे लहजे में कहा- “पार्टी नहीं, जनता सबसे बड़ी होती है. जनता ही पार्टी बनाती है और वही सरकार चलाती है.”
तेज प्रताप ने आगे कहा कि राघोपुर के मौजूदा विधायक ने कोई ठोस काम नहीं किया है. उन्होंने सिर्फ जनता को भरमाने और लूटने का काम किया है. तेजस्वी पर सीधा निशाना साधते हुए उन्होंने कहा- “हमारा उम्मीदवार पढ़ा-लिखा है और झूठे वादे नहीं करता. जो कहते हैं, वो निभाते हैं.”
तेज प्रताप ने यह भी कहा कि कुछ जयचंदों ने उन्हें पार्टी से बाहर करवाया, क्योंकि उन्हें डर था कि बिहार में दूसरा लालू यादव पैदा हो गया है. समर्थकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा- “बहुरूपियों के चक्कर में मत पड़िए, नहीं तो अगले पांच साल पछताना पड़ेगा.”
सभा के अंत में तेज प्रताप यादव ने एक बड़ा वादा किया कि राघोपुर में हम मेडिकल कॉलेज खोलेंगे, ताकि लोगों को इलाज के लिए पटना नहीं जाना पड़े. इस तरह, रविवार को महुआ में तेजस्वी का प्रचार और सोमवार को राघोपुर में तेज प्रताप की प्रतिक्रिया ने बिहार की चुनावी सियासत को और रोमांचक बना दिया है.
यह भी पढ़ें- तालाब से सियासत तक: राहुल गांधी ने मछली पकड़कर मछुआरों से जोड़ा दिल, एनडीए पर साधा निशाना



