Beauty Sleep Health Benefits: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग दिनभर मेहनत तो खूब करते हैं, लेकिन रात को सुकून की नींद लेना भूल जाते हैं. देर रात तक मोबाइल चलाना, काम का तनाव और अनियमित दिनचर्या यही सब हमारी नींद चुरा लेते हैं. नतीजा यह होता है कि सुबह चेहरा थका हुआ दिखता है, आंखों के नीचे काले घेरे, झुर्रियां और बेजान त्वचा उभर आती है.
आयुर्वेद में कहा गया है, “निद्रा बलं, पुष्टिं, ज्ञानं, सुखं च ददाति”, यानी अच्छी नींद शरीर को ताकत, पोषण, ज्ञान और आनंद प्रदान करती है. रात में जब हम सोते हैं, हमारा शरीर खुद की मरम्मत करता है. नई त्वचा कोशिकाएं बनती हैं, कोलेजन तैयार होता है और पुरानी कोशिकाएं हट जाती हैं. यही वजह है कि अच्छी नींद को “ब्यूटी स्लीप” कहा जाता है. यदि नींद पूरी न हो, तो यह प्रक्रिया रुक जाती है, जिससे झुर्रियां, सुस्ती और समय से पहले बुढ़ापा दिखने लगता है.
नींद के अनेक फायदे हैं
1. यह कोलेजन उत्पादन बढ़ाती है, जिससे त्वचा टाइट और झुर्रियों से मुक्त रहती है.
2. त्वचा की नमी बनी रहती है, जबकि नींद की कमी से चेहरा रूखा और बेजान लगने लगता है.
3. नींद के दौरान ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है, जिससे त्वचा को ऑक्सीजन और पोषण मिलता है और चेहरा सुबह ताजा दिखता है.
4. पर्याप्त नींद तनाव हार्मोन (कोर्टिसोल) को कम करती है, जिससे त्वचा की लोच और चमक बनी रहती है.
आयुर्वेद के अनुसार, वयस्कों को रोज 7-8 घंटे, किशोरों को 8-10 घंटे और बच्चों को 10-12 घंटे की नींद जरूरी है. लेकिन केवल मात्रा नहीं, नींद की गुणवत्ता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है. रात 10 बजे से पहले सो जाना चाहिए, क्योंकि उस समय कफ काल होता है जो नींद लाने में सहायक है. सोने से पहले गुनगुना दूध या त्रिफला लेना मन को शांत करता है. कमरे में हल्की रोशनी, शांत वातावरण और संतुलित तापमान नींद की गुणवत्ता को बढ़ाते हैं.
कुछ घरेलू नुस्खे भी बेहद असरदार हैं
रात में गर्म दूध में हल्दी या जायफल पाउडर मिलाकर पीना, पैरों पर सरसों का तेल लगाना और सोने से पहले ध्यान या गहरी सांसों का अभ्यास करना. साथ ही मोबाइल, कैफीन और भारी भोजन से दूर रहना भी उतना ही जरूरी है.
यह भी पढ़ें- मोतियाबिंद सर्जरी के बाद बरतें ये महत्वपूर्ण सावधानियां, लंबे समय तक बनी रहेगी आंखों की रोशनी



