Bihar Politics: राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से बाहर करने के बाद से ही तेज प्रताप के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हैं. कभी उनकी नई पार्टी बनाने की अटकलें लगती हैं, तो कभी समाजवादी पार्टी से जुड़ने की संभावनाएं जताई जाती हैं. लेकिन अब खुद तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने इरादे स्पष्ट किए हैं और बीजेपी पर करारा तंज कसा है.
तेज प्रताप ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक ग्राफिक्स तस्वीर साझा की, जिसमें उन्होंने लिखा है, “सत्ता के लिए सपने बेचने वाले बहुत हैं, हम वो हैं जो सपने में भी विचार नहीं बेचते.” यह पोस्ट बीजेपी की ओर इशारा करते हुए बनाई गई प्रतीत होती है.
सत्ता के लिए सपने बेचने वाले बहुत हैं,
हम वो हैं जो सपने में भी विचार नहीं बेचते।#TejPratapYadav #JanSeva pic.twitter.com/QzHVFCSeFS— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) July 23, 2025
इस ग्राफिक्स के माध्यम से तेज प्रताप ने एक काल्पनिक दृश्य दिखाया, जिसमें उनके सपने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आते हैं और उन्हें भाजपा में शामिल होने का ऑफर देते हैं. लेकिन तेज प्रताप सपने में भी इस ऑफर को ठुकरा देते हैं और पीएम मोदी से उल्टा अपनी पार्टी में शामिल होने की बात कहते हैं. यह दृश्य जहां व्यंग्यात्मक है, वहीं यह उनके आत्मबल और वैचारिक प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है.

गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से छह साल के लिए निष्कासित किए जा चुके हैं. फिलहाल उनके पास कोई सक्रिय पार्टी नहीं है, लेकिन इस पोस्ट के जरिए उन्होंने यह संकेत जरूर दे दिया है कि वे अपने विचारों से समझौता नहीं करेंगे, चाहे परिस्थिति जैसी भी हो.
तेज प्रताप का यह अंदाज, उनके राजनीतिक भविष्य की दिशा को लेकर नया संकेत दे रहा है. आने वाले समय में वह किस ओर रुख करेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा. फिलहाल उन्होंने बीजेपी में जाने की किसी भी अटकल को अपने अंदाज में सिरे से नकार दिया है.

यह भी पढ़ें- राबड़ी देवी का नीतीश कुमार को तंज: “संभल नहीं रहा तो बेटे को बना दें मुख्यमंत्री”



