Crime News: देश के अलग-अलग राज्यों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. ताजा मामला राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सामने आया है, जहां तीन प्रतिष्ठित स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी मिली है. यह धमकी चाणक्यपुरी के नेवी स्कूल, द्वारका के सीआरपीएफ स्कूल और रोहिणी स्थित एक निजी स्कूल को भेजी गई है.
ई-मेल में स्पष्ट रूप से स्कूल भवनों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिससे स्कूल प्रशासन, छात्र और अभिभावकों में हड़कंप मच गया. प्रशासन ने तुरंत पुलिस और बम निरोधक दस्ते को सूचित किया. सूचना मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता स्कूलों में पहुंच पूरे परिसर की तलाशी ली.
अब तक नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद अब तक किसी भी स्कूल में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामला गंभीर है और ई-मेल की स्रोत की जांच साइबर सेल के माध्यम से की जा रही है. इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है.

बार-बार मिल रही धमकियों से दहशत का माहौल
पिछले कुछ महीनों में देश के कई हिस्सों में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियों का सामना करना पड़ा है. हाल ही में, दक्षिण दिल्ली के इंडियन पब्लिक स्कूल और उत्तर पश्चिम दिल्ली के क्रिसेंट पब्लिक स्कूल को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं. इसके अलावा, 7 फरवरी को मयूर विहार फेस-1 स्थित अल्कोन पब्लिक स्कूल और 4 जुलाई को गुजरात के वडोदरा स्थित सिग्नस स्कूल को भी ऐसी ही ई-मेल धमकियां भेजी गई थीं. वहीं, मुंबई के कनाकिया इंटरनेशनल स्कूल और रायन इंटरनेशनल स्कूल को भी 16 जून को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी.
पुलिस अलर्ट मोड पर
दिल्ली पुलिस और अन्य राज्यों की सुरक्षा एजेंसियां अब इन घटनाओं को एक बड़ी साजिश मानकर चल रही हैं. बार-बार इन धमकियों के झूठे निकलने के बावजूद, पुलिस हर बार पूरी सतर्कता और गंभीरता से जांच करती है, ताकि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके. फिलहाल, अभिभावकों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं और स्कूल प्रशासन के संपर्क में रहें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और कोई भी शरारत करने वाला बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें- बिहार में मतदाता सूची में विदेशी नागरिकों के नाम, SIR अभियान में बड़ा खुलासा



