16th Rozgar Mela: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित 16वें रोजगार मेले के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र वितरित किए. इस अवसर पर पीएम मोदी ने युवाओं को “राष्ट्र निर्माण के सिपाही” बताते हुए कहा कि ये नियुक्तियां “बिना पर्ची, बिना खर्चे” की पारदर्शी प्रक्रिया का हिस्सा हैं.
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये नव-नियुक्त युवा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे. रोजगार मेला केंद्र सरकार की उस प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जो युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर देने और भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने पर केंद्रित है. इसकी शुरुआत 22 अक्टूबर 2022 को हुई थी और अब तक 10 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं.
नव-नियुक्त कर्मचारी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, स्वास्थ्य व परिवार कल्याण, वित्तीय सेवाएं और औद्योगिक विकास जैसे अहम क्षेत्रों में सेवाएं देंगे. पीएम मोदी ने कहा, “चाहे आप रेलवे में हों, डाक सेवाओं में या स्वास्थ्य मिशन का हिस्सा, आपका लक्ष्य एक ही है- राष्ट्र सेवा और विकसित भारत का निर्माण.”

प्रधानमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि पिछले एक दशक में 90 करोड़ नागरिक सरकारी योजनाओं से जुड़े, जिससे सामाजिक सुरक्षा बढ़ी और लाखों रोजगार सृजित हुए.
प्रधानमंत्री ने निजी क्षेत्र में भी रोजगार सृजन को प्रोत्साहन देने की बात कही. हाल ही में शुरू की गई रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत पहली बार नौकरी पाने वाले युवाओं को 15000 रुपये की सहायता मिलेगी. इस योजना के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का बजट तय किया गया है, जिससे करीब 3.5 करोड़ रोजगार सृजित होने की उम्मीद है.

पीएम मोदी ने अंत में कहा, “भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है और इसका श्रेय हमारे युवाओं की मेहनत को जाता है.” सभी नव-नियुक्त युवाओं को iGOT कर्मयोगी पोर्टल के जरिए 1400 से अधिक ई-लर्निंग कोर्सेज से प्रशिक्षित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- SBI PO Recruitment 2025: एसबीआई पीओ की 541 वैकेंसी, आवेदन की लास्ट डेट नजदीक



